मजदूर को पीटने वाले निहंग के केश पूरे नहीं: 3 दिन पहले बाबा अमन सिंह के दल में आए नवीन को नहीं आती पंजाबी; टूट चुकी है शादी

[ad_1]
लुधियाना/करनाल4 घंटे पहलेलेखक: दिलबाग दानिश
- कॉपी लिंक

हरियाणा में सोनीपत जिले के सिंघु बॉर्डर पर गुरुवार सुबह मुर्गा न देने पर एक मजदूर की टांग तोड़ने वाला निहंग नवीन संधू करनाल जिले में घरौंडा के पास गगसीना गांव का रहने वाला है। नवीन संधू सिंघु बॉर्डर पर बैठे बाबा अमन सिंह के निहंग दल का मेंबर है और उसके केश पूरे नहीं हैं। सोनीपत पुलिस जब नवीन संधू को हिरासत में लेकर जा रही थी तब उसने सफेद टीशर्ट पहन रखी थी। नवीन को पूरी तरह पंजाबी भाषा भी नहीं आती।
मनोज पासवान नामक मजदूर की टांग तोड़ने वाले नवीन संधू को जब लोगों ने पकड़कर पूछताछ शुरू की तो पता चला कि वह तीन दिन पहले ही बाबा अमन सिंह के पास रहने आया था। नवीन संधू सिख धर्म के बारे में भी ज्यादा कुछ नहीं जानता। नवीन ने कबूल किया कि उसने मजदूर के साथ हुई मारपीट की जानकारी दल प्रमुख बाबा अमन सिंह को नहीं दी।

पत्नी से अलग होने के बाद रहने लगा बाहर
गगसीना गांव में नवीन संधू का घर नानकशाही ईंटों (छोटी ईंटों) से बना है। मकान बहुत बड़ा नहीं है। नवीन संधू तीन भाई-बहन हैं। नवीन का गांव के लोगों से ज्यादा मेलजोल नहीं है। गांववालों ने बताया कि तकरीबन 6 साल पहले नवीन संधू की शादी यूपी में हुई थी। उसकी पत्नी यूपी पुलिस में है। नवीन की शादी ज्यादा नहीं चली और कुछ ही दिनों में पति-पत्नी अलग हो गए। उसके बाद नवीन ज्यादातर समय गांव से बाहर ही रहता है। किसान आंदोलन के दौरान वह निहंगों के संपर्क में आया और बीती बैसाखी पर अमृत छककर निहंग बन गया।

मजदूर की शिकायत पर नवीन पर FIR दर्ज
कुंडली थाना पुलिस ने मजदूर मनोज पासवान की शिकायत पर FIR दर्ज कर नवीन संधू को गिरफ्तार कर लिया। बिहार में दरभंगा जिले के रहने वाले मनोज ने अपनी शिकायत में कहा कि निहंग ने उसके बायें पैर और हाथ पर डंडे से वार किए और जान से मारने की धमकी दी। सोनीपत अस्पताल के डॉक्टरों ने मनोज पासवान का सीटी स्कैन करवाने के लिए लिखा है। उसके पैरों पर लाठियों की वजह से निशान मिले हैं। पुलिस नवीन संधू को शुक्रवार को कोर्ट में पेश करेगी।

सिंघु बॉर्डर पर नवीन संधू को गिरफ्तार करके ले जाती पुलिस।
नवीन ने गुरुवार सुबह पीटा मजदूर
सिंघु बॉर्डर पर बैठे बाबा अमन सिंह के निहंग दल के सदस्य नवीन संधू ने शुक्रवार सुबह 11 बजे सिंघु बॉर्डर पर मनोज पासवान नामक मजदूर को पीट दिया। आरोप है कि इस पिटाई में मनोज पासवान की टांग टूट गई। दरभंगा जिले के मनोज पासवान ने बताया कि वह कुंडली बॉर्डर स्थित सिंह पोल्ट्री फार्म में 15-16 साल से काम कर रहा है और रोजाना अपने रिक्शा पर आसपास के गांवों में मुर्गों की सप्लाई करता है। शुक्रवार सुबह जब वह रिक्शा पर मुर्गे ले जा रहा था तो निहंग नवीन संधू ने उससे मुर्गा मांगा। उसके मना करने पर नवीन संधू ने लाठी से उसे पीटा।

औलख का दावा : नवीन ने बैसाखी पर छका अमृत
इस पूरे विवाद के बीच किसान नेता जगदीप औलख ने दावा किया है कि वह पुलिस की ओर से हिरासत में लिए गए नवीन संधू को जानते हैं। वह उनके पड़ोसी गांव गगसीना का रहने वाला है। औलख के अनुसार, नवीन संधू पिछले साल से ही किसान संघर्ष से जुड़ा हुआ है। वह पिछले दिनों करनाल में दिए गए किसानों के धरने में शामिल था। उसने बसताड़ा टोल पर हुए प्रदर्शन में भी हिस्सा लिया है। वह ज्यादातर समय सिंघु बॉर्डर पर ही रहता है। 20 अक्टूबर को भी उनकी सिंघु बॉर्डर पर नवीन से बात हुई। औलख ने दावा किया कि नवीन ने पिछली बैसाखी पर ही अमृतपान किया और निहंग बने कुछ ही समय होने की वजह से उसके केश पूरे नहीं हैं। वह हरियाणवी बोलता है। जो लोग उसे नकली निहंग बता रहे हैं, वह गलत है। औलख ने कहा कि नवीन संधू का एक रेहड़ीवाले से झगड़ा हुआ है। इसका कोई भी गलत प्रचार न करे। ये आपसी लड़ाई-झगड़े का मामला है। इसमें कोई गलत बात न फैलाई जाए। औलख ने कहा कि नवीन संधू कुंडली थाने में है और उनकी थाने के एसएचओ से बात हुई है। उनके एरिया के किसान नेता कुंडली थाने पहुंच रहे हैं।
[ad_2]
Source link