मुरादाबाद के सपा सांसद के विवादित बोल: कहा- फर्टाइल एज में आते ही लड़कियों के हाथ पीले कर देने चाहिए, लेट शादी होगी तो औलाद कब पैदा करेंगी

[ad_1]
मुरादाबाद2 घंटे पहले
- शादी में देरी करने से बढ़ती है लड़कियों में आवारगी और क्राइम
- संसद में शादी की न्यूनतम आयु बढ़ाने के बिल का करेंगे विरोध
लड़कियों की शादी की उम्र 18 से बढ़ाकर 21 साल किए जाने के कैबिनेट के फैसले पर समाजवादी पार्टी (SP) के सांसद तिलमिलाए हुए हैं। संभल के SP सांसद डॉ. शफीकुर्रहमान बर्क के बेतुके बयान के बाद अब मुरादाबाद से SP सांसद डॉ. एसटी हसन ने भी विवादित बयान दिया है।
सांसद हसन ने कहा है कि लड़कियों की फर्टाइल AGE 26 से 30 साल होती है। शादी लेट होगी तो औलाद पैदा नहीं होगी। इनफर्टिलिटी की समस्या बढ़ेगी। सपा सांसद ने कहा है कि फर्टाइल AGE आते ही लड़कियों की शादी कर देनी चाहिए। लड़कियों की शादी में देरी करने से आवरगी और क्राइम दोनों बढ़ते हैं। SP सांसद ने लड़कियों की शादी की न्यूनतम उम्र 18 साल से घटाकर 16 साल करने की मांग की है।
16-17 में अच्छे प्रपोजल आते हैं, फिर नहीं आते
SP सांसद डॉ. हसन ने बयान में कहा है कि लड़कियां जब 16-17 साल की होती हैं, तो उनकी लिए शादी के अच्छे प्रपोजल आते हैं। इसके बाद अच्छे रिश्ते नहीं आते। यदि सरकार लड़कियों की शादी की न्यूनतम उम्र 21 साल होगी तो फिर उन्हें अच्छे रिश्ते नहीं मिलेंगे। अच्छे रिश्तों के लिए और भी इंतजार करना होगा और इस इंतजार में फर्टाइल AGE निकल जाएगी।
…तो बुढ़ापे में स्कूल जाएंगे आपके बच्चे
डॉ. हसन का कहना है कि यदि देरी से शादी होगी, तो बच्चे भी देरी से होंगे। आदमी जब बूढ़ा हो चला हाेगा, तब उसके बच्चे स्कूल जा रहे होंगे। इससे पूरा साइकल गड़बड़ा जाएगा। इसलिए लड़कियों की शादी समय से होना बेहद जरूरी है, ताकि समय से बच्चे पैदा हों।
इंटरनेट से बढ़ रहा हॉर्मोनल लेवल
बता दें कि मुरादाबाद के SP सांसद हसन पेशे से डॉक्टर हैं। MBBS डॉक्टर हसन ने अपने बयान में संभल के अपने साथी सांसद के बेतुके बयान का समर्थन किया है। हसन ने कहा है कि आजकल इंटरनेट की वजह से लड़कियों का हॉर्मोनल लेवल तेजी से बढ़ता है। इसकी वजह से वो आवारगी और क्राइम की तरफ बढ़ती हैं। इंटरनेट पर तैर रही गंदी तस्वीरें और वीडियो इसे बढ़ावा दे रहे हैं।
लड़की मैच्योर है, तो 16 में भी कर दें शादी
सांसद हसन का कहना है कि लड़की मैच्योर है तो उसके लिए 18 साल की उम्र पूरी होने का इंतजार करना बेकार है। 16 साल में भी उसकी शादी कर देनी चाहिए। डॉ. हसन ने कहा कि संसद में लड़कियों की शादी की न्यूनतम आयु बढ़ाने का बिल आता है, तो वह इसका विरोध करेंगे। हालांकि, उन्होंने कहा कि यह उनका निजी फैसला है, पार्टी की लाइन बाद में तय होगी।
[ad_2]
Source link