धरना दे रहे किसानों ने टोल से लौटाया BJP विधायक: खेती कानूनों पर नाराजगी नहीं हो रही कम, हिसार में रामायण टोल पर नारेबाजी के बाद MLA डॉ. कमल गुप्ता ने सड़क बदली तो वहां भी हुआ विरोध

[ad_1]
हिसार3 घंटे पहले
- कॉपी लिंक

हिसार में टोल प्लाजा पर भाजपा विधायक डॉ. कमल गुप्ता का विरोध करते किसान। यहां से उन्हें गाड़ी घुमाकर दूसरा रास्ता लेना पड़ा।
कृषि कानूनों को लेकर विरोध कर रहे किसानों ने गुरुवार को हिसार के भाजपा विधायक डॉ. कमल गुप्ता का रामायण टोल पर विरोध किया। आंदोलनरत किसानों ने विधायक की गाड़ी को टोल से पहले ही रुकवा लिया और उनको टोल पार नहीं करने दिया। मजबूरीवश डॉ. गुप्ता को वापस गाड़ी घुमाकर रामायण गांव से होते हुए हांसी की ओर जाना पड़ा। इस दूसरे रास्ते पर भी BJP MLA का विरोध हुआ। बीते एक पखवाड़े में डॉ. कमल गुप्ता का रामायण टोल पर दूसरी बार विरोध हुआ है। इससे पहले तिरंगे के अपमान के बारे में बयान देने के मामले पर किसानों ने डॉ. गुप्ता को इसी टोल पर घेर लिया था और उस बयान के लिए खेद प्रकट करवाया था।
आज हुए घटनाक्रम के अनुसार डॉ. कमल गुप्ता अपनी एसयूवी में हिसार के हांसी की ओर जा रहे थे। जैसे ही इस बात का पता टोल पर धरना दे रहे किसानों को लगा तो उन्होंने तुरंत वहां पर बैरिकेडिंग करके टोल को बंद कर दिया और विधायक से कहा कि वो कृषि कानूनों के पक्षधर हैं, इसलिए जब तक किसान सड़कों पर बैठे हैं किसी भी भाजपा या जजपा नेता को टोल से नहीं गुजरने दिया जाएगा। इसके बाद किसानों ने वहां पर काले झंडे लहराकर विरोध में नारेबाजी करनी शुरू कर दी।

विधायक के विरोध के दौरान आमने-सामने किसान और पुलिस बल।
विरोध को बढ़ता देखकर विधायक ने अपनी गाड़ी वापस घुमा ली और रामायण गांव से होते हुए हांसी जाना पड़ा। किसान नेता कुलदीप खरड़ ने बताया कि यहां से गुजरने वाले नेता हमारे कार्यक्रम में विरोध पैदा करते हैं। इससे पहले भी सरकार के पक्ष के नेताओं को बताया गया है कि जहां पर किसान टोल पर बैठे हैं वहां से गुजरने की कोशिश ना करें लेकिन ये बाज नहीं आ रहे हैं। इस टोल पर डिप्टी सीएम दुष्यंत चौटाला, पंजाब के पूर्व डिप्टी सीएम सुखबीर बादल, स्पीकर रणबीर गंगवा, विधायक जोगीराम सिहाग, भाजपा अध्यक्ष ओमप्रकाश धनखड़, राज्यसभा सांसद रामचंद्र जांगड़ा का किसान विरोध कर चुके हैं। कई नेताओं से तो किसान माफी भी मंगवा चुके हैं।
[ad_2]
Source link